महिला मैकेनिक द्वारा दो पहिया वाहन सर्विसिंग कैम्प | MP NEWS

इन्दौर। शहर के इतिहास में पहली बार महिला मैकेनिकों द्वारा दो पहिया वाहनों की सर्विसिंग हेतु कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प रविवार 6 जनवरी को नवलखा स्थिति जीवनशाला में आयोजित होगा। उल्लेखनीय है कि शहर में समान सोसायटी द्वारा गलर्स काउंट नईदिल्ली के सहयोग से 65 महिलाओं को दो पहिया वाहनों के मैकेनिक की ट्रेनिंग दी जा रही है। इनमें से 15 से अधिक महिलाएं6 माह का मैकेनिक प्रशिक्षण पूरा का चुकी है और वे शहर के गेराज पर भी मैकेनिक के काम का एक माह का अनुभव प्राप्त कर चुकी है। इस कैम्प में ये महिला मैकेनिक 100 रूपए मात्र की रियायती दर पर एक्टिवा, मोटरसाईकिल एवं अन्य दो पहिया वाहनों की सर्विसिंग करेगी। इस कैम्प का उद्देश्य महिलाओं मैकेनिकों द्वारा शहर के लोगों को अपने हूनर से अवगत् करना है तथा यह साबित करना है कि महिलाएं भी मैकेनिक जैसे पुरूष वर्चस्व के काम कर सकती है और उससे संबंधित रोजगार अपना सकती है।

समान सोसायटी द्वारा महिला एवं पुरूषों में जेण्डर समानता की दिशा में काम करते हुए ड्राईविंग एवं मैकेनिक जैसे रोजगार के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्था का लक्ष्य इस वर्ष मार्च माह तक कुल 100 महिलाओं को मैकेनिक का प्रशिक्षण देने का है। संस्था द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं को शहर के विभिन्न सर्विस सेंटर्स पर रोजगार दिलवाने का प्रयास भी किया जाएगा एवं इच्छुक महिलाओं को उनके गेराज शुरू करने में मदद की जाएगी।

यह कैम्प सुबह रविवार को सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक रहेगा। संस्था द्वारा शहरवासियों से अपील की गई है कि शहर में इस कैम्प में अपने वाहनों की सर्विसिंग करवाकर सामाजिक बदलाव और समानता के प्रयासों को प्रोत्साहन एवं समर्थन प्रदान करें।