प्रमोशन हॉकी स्पर्धा का समापन- पूर्व मंत्री अरूण यादव ने महिला हॉकी खिलाड़ियों प्रशंसा, INDORE विजेता व BARWANI उपविजेता

खरगोन/24 फरवरी 2022-
 वर्तमान में खेलों से अच्छे कैरियर की संभावनाएं हैं। इसी उद्देश्य को लेकर निमाड़ के साथ ही देश व प्रदेश के खिलाडियों को प्रशिक्षण देकर जेआईटी बोरावां को स्पोर्ट्स हब बनाने की तैयारी भी चल रही है। इसके लिए विभिन्न खेलों की रूपरेखा तैयार की जा रही है । महिला हॉकी स्पर्धा भी इसी अभियान की शुरूआत है। यह बात गुरूवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने सुभाष यादव फाउंडेशन द्वारा निमाड महिला हॉकी एकेडमी के सहयोग से जेआईटी बोरावां में चल रही प्रमोशन लीग महिला हॉकी स्पर्धा 2022 के समापन अवसर पर कही। उन्होंने सभी खिलाडियो और प्रशिक्षकों के अच्छे खेल कौशल की प्रशंसा की एवं कडे अभ्यास की अपील भी की।

स्पर्धा संयोजक अनिल पांडेय व कोच इकबाल खॉन ने बताया कि स्पर्धा में खरगोन, देवास, इंदौर व बडवानी की करीब 100 बालिकाओं ने भागीदारी की। सुबह के सेशन में पहला मैच खरगोन व बड़वानी के बीच खेला गया। इसमें बडवानी 3-0 से विजयी रहा। दूसरा मैच खरगोन इंदौर के बीच हुआ। इसमें इंदौर 8-1 से विजयी रहा। तीसरा मैच देवास और इंदौर के बीच खेला गया। इसमें इंदौर 6-0 से विजयी रहा। अंकों व गोल स्कोर के आधार पर इंदौर टीम प्रथम, बडवानी द्धितीय व देवास तृतीय स्थान पर रही। 

सुभाष यादव फाउंडेशन व जेआईटी द्वारा विजेजा टीम को राशि रू 5100 व उपविजेता को राशि रू 2100 का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि व पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व सुभाष यादव व निमाड महिला हॉकी एकेडमी के संस्थापक मनमोहनसिंह चावला को श्रद्धांजली भी दी। इस दौरान समाजसेवी नवरत्न यादव, जनजाति कार्यविभाग खेल अधिकारी अश्विन गुप्ता, इंजीनियर संजीत यादव, पूर्व बीईओ दिलीप कर्पे, कोच इकबाल खान, जेआईटी प्राचार्य डॉ अतुल उपाध्याय, डीन डॉ सुनील सुगंधी आदि मौजूद रहे। विभिन्न मैचों में रैफरी की भूमिका शाहीद शेख, जावेद शेख, हर्षद दांगी, अंश जोशी, सोनु प्रजापत, पुष्पेन्द्र नामदेव ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन जेआईटी छात्रा देवयानी कुमरावत ने किया। आभार श्री पांडेय ने माना।