SAGAR: राहतगढ़ वॉटर फाॅल बड़ा हादसा, 1 परिवार के 4 लोगों की मौत - MP NEWS

 सागर। मप्र के सागर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर राहतगढ़ वाटरफॉल पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई। ये लोग यहां पिकनिक मनाने आए थे। परिवार सागर के इतवारी टोरी निवासी है। मरने वालों में तीन लड़कियां, एक पुरुष है। एक बालक की तलाश जारी है। मंगलवार शाम को अंधेरा घिरते ही बालक की तलाश रोक दी गई है। 


बताया जाता है कि जिस पानी में बच्चे डूबे थे उसमें खेत की सिंचाई के लिए दो मोटर भी लगी थीं। हालांकि पुलिस ने करंट फैलने जैसी बात से इनकार किया है। बुधवार को शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसे में नाजिर (35), रूबी पिता नाजिर, रोजी पिता राजखान और हिना पिता राजखान की मौत हो गई। नसीम पिता नाजिर की तलाश जारी है। वहीं, नाजिया पिता नाजिर को बचा लिया गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान आयशा पति नाजिर, अमजद और एक अन्य बालक पानी के बाहर ही थे। इतवारी टोरी का यह परिवार नजीर ऑटो वाले परिवार के नाम से जाना जाता है। एडिशनल एसपी बीना विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक संख्या 4 है।

मौके पर पुलिस बल के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। पुलिस अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हैं। बालिका नाजिया फिलहाल कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है। पुलिस के अनुसार पूरा परिवार ऑटो रिक्शा से यहां पहुंचा था। बताया जाता है कि पूरा परिवार प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंच गया और यहां खाना बना रहे थे। संभवत: परिवार काे पता नहीं था कि यह प्रतिबंधित क्षेत्र है। नहाने के दौरान यह हादसा हो गया।