चुनाव हमारे लिए चुनौती नहीं अवसर है: राकेश सिंह

BHOPAL: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमारे सामने कोई चुनौती नहीं है। चुनाव हमारे लिए चुनौती नहीं अवसर है क्योंकि हमारी सरकार ने जनकल्याण के इतने काम किए है कि कार्यकर्ता विश्वास के साथ जनता के बीच जायेंगे और चौथी बार भी परिश्रम की पराकाष्ठा कर जनता के विश्वास से अबकी बार 200 पार करेंगे। ताकि हम समाज की और अच्छी सेवा कर सके। यह बात श्री सिंह ने खातेगांव (देवास) के तीन बत्ती चैराहा पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। 

श्री राकेश सिंह ने प्रातः इंदौर खजराना गणेश मंदिर पूजा अर्चना कर प्रदेश के सुख, समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन के निवास पहुँचकर उनका आशीर्वाद लिया। उनके साथ पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, श्री महेन्द्र हार्डिया, संभागीय संगठन मंत्री श्री जयपालसिंह चावडा, जिला अध्यक्ष श्री कैलाश शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर मौजूद थे। जिसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष बागली, खातेगांव होते हुए होशंगाबाद के लिए रवाना हुए।

प्रदेश अध्यक्ष के देवास जिले में प्रवेश करने पर हाटपिपल्या विधानसभा (देवास) के डबलचैकी पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री दीपक जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिसके पश्चात चापडा में बागली विधायक श्री चंपालाल देवड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर श्री राकेश सिंह की अगवानी की। खातेगांव के तीन बत्ती चैराहा पर विधायक श्री आशीष शर्मा के नेतृत्व में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। श्री सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पास देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जैसा नेतृत्व है जो आज पूरे विश्व का नेतृत्व कर रहे है। श्री अमित शाह जैसे कुशल रणनीतिकार और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान जैसा नेतृत्व हम कार्यकर्ताओं को मिला है। कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बूते मिशन 2018 और 2019 को साकार करेंगे।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री गोपीकृष्ण व्यास, मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री वीरेन्द्रसिंह राजावत, श्री संतोष मंडलोई सहित पार्टी एवं मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता नेमावर, खातेगांव, कन्नौज के नगरीय निकाय अध्यक्ष सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। श्री राकेश सिंह संदलपुर, पिपल्यानानकर, बोरधा, नसरूल्लागंज, रेहटी, सलकनपुर, बुधनी होते हुए होशंगाबाद रवाना हुए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।