मध्यप्रदेश के संगठन से देश भर में पार्टी प्रेरणा लेती है: डॉ. जैन

BHOPAL: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन के विशेष सानिध्य में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर डॉ.अनिल जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का संगठन अनुकरणीय है। देश के अनेक हिस्सों में मध्यप्रदेश के संगठन से लोग प्रेरणा लेते है और इसी कारण मध्यप्रदेश में पार्टी के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन बहुत व्यवस्थित तरीके से किया जाता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी ने अपने प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश संगठन से जो अपेक्षाएं की थी। उनकी प्रगति संतोषजनक है लेकिन संतुष्टि का भाव न रखते हुए हमें अपने कार्यक्रमों को और अधिक व्यवस्थित तरीके से क्रियान्वित करते हुए समाज तक ले जाने का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करना है।

डॉ. जैन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जी जब यह कहते है कि सबसे अच्छी सरकार हमारी सरकार है तो यूं ही नहीं कहते। सच्चाई यह है कि जो देश कभी स्केम इंडिया के नाम से जाना जाता था, उस देश की साख श्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद शिखर छू रही है। आज लोग दुनिया में भारत के लोगों का यह कहकर भी परिचय कराते है, यह व्यक्ति मोदी जी के देश का निवासी है। चाहे विश्व योग दिवस की बात हो, अथवा पर्यावरण को लेकर हमारी वैचारिक स्वीकृति की, विश्व पटल पर यह सम्मान मोदी जी के बूते ही हमें मिल सका है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने सभी वर्गो के कल्याण के लिए इतने उत्कृष्ट कार्य किए है, जिनके उदाहरण अन्य कई राज्यों में नहीं मिलते, इसलिए यहां अनुकूल वातावरण है। केवल कार्यकर्ताओं को आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में कूद जाना है। हमारी बडी फतह सुनिश्चित है।

डॉ.अनिल जैन ने बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों, संभागीय प्रवासों और बूथ पर पार्टी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 1.89 करोड़ लोग आज मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी से सीधे जुड़े हुए है। ऐसे में हमें कोई परास्त करने की कोई सोच भी नहीं सकता। डॉ. जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के परिश्रम का करिश्मा है कि जिस मणिपुर में कभी 1.6वोट लिया करते थे, उसी मणिपुर में 36 प्रतिशत वोट लेकर हम सरकार बना चुके है। जिस त्रिपुरा में कभी 2.7 प्रतिशत वोट हमें मिलता था, उसी त्रिपुरा में तीन चैथाई समर्थन के साथ हमारी सरकार है। हमें यह याद रखना है कि दुनिया की सभी अवसरवादी ताकतें भारतीय जनता पार्टी के विरूद्ध लामबंद हो रही हैं। वे नहीं चाहतीं कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरे। ऐसी परिस्थितियों में हमारे कार्यकर्ता के संघर्ष की क्षमता और बढ़ती है, यही हमारी विशेषता है। इसी आधार पर हमारा भरोसा है और योजना भी है कि 50 प्रतिशत मतदाता भाजपा के पक्ष के मतदाता होंगे और आने वाले चुनावों में पहले की अपेक्षा बड़े बहुमत से सरकारें बनेंगी।

डॉ. जैन ने कहा कि बूथ की मजबूती के लिए सदस्य बनाने सहित अन्य जो भी काम सौंपे गए है, उन्हें तेजी के साथ पूरा करते हुए सभी निर्धारित कार्यक्रम संपन्न करने हैं। बूथ पर पार्टी के6 कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से हो सके इसकी चिंता करने से भी हमारी वैचारिक पकड़ मजबूत होती है।

डॉ. जैन ने बताया कि वे प्रदेशों के प्रवास पर है और मध्यप्रदेश में उनका 12 वां सांगठित प्रवास है। इस अवसर पर उन्हें प्रदेश भाजपा की ओर से बताया गया कि बूथों की मजबूती के लिए प्रदेश में प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है। सोशल मीडिया के क्षेत्र में भी बूथ तक हमारी मजबूत पकड़ बन रही है। युवा मोर्चा द्वारा गठित स्पेशल 11 बूथ पर चुनाव में हमारी विजय का बड़ा कारण बनेगा। इस अवसर पर डॉ. अनिल जैन ने जिला और मंडल कार्यसमितियों की बैठकों के महत्व का प्रतिपादन भी किया। उन्होंने सुझाव दिया कि इन बैठकों में कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रबोधन के लिए कुछ व्यवस्थित सत्र जोडे जाने चाहिए। साथ ही भौगोलिक रचना के अलावा कार्य की दृष्टि से भी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने से काम व्यवस्थित तरीके से पूर्ण होते है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर अन्य प्रदेशों के साथ साथ मध्यप्रदेश भी आयेंगे। साथ ही उन्होंने केन्द्र सरकार के चार साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में26 मई को कटक में आयोजित प्रधानमंत्री जी की रैली, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी की पत्रकार वार्ता तथा 27 मई को प्रदेशों की राजधानियों में प्रबुद्ध सम्मेलनों के बारे में चर्चा की।