सलमान खान की 'भारत' में हुई तब्बू की एंट्री

MUMBAI: 'सुल्तान' और 'टाइगर जिंदा है' बनाने वाले अली अब्बास जफर ने सलमान खान के साथ नई फिल्म शुरू कर दी है। 'भारत' नाम की इस फिल्म में पिछले हफ्ते दिशा पाटनी की एंट्री हुई थी, अब तब्बू के नाम की घोषणा भी हो गई है। तब्बू का क्या रोल होगा ये तय नहीं है लेकिन वे इस फिल्म से जुड़ी तीसरी हीरोइन हैं। वैसे चर्चा यह भी है कि कटरीना कैफ भी इसमें दिखेंगी।

दिशा को इस फिल्म में ट्रेपिज आर्टिस्ट का रोल करना है, जो 60 के दशक के सर्कस में काम करती है। दिशा का रोल भले ही इस फिल्म में छोटा हो, लेकिन वे इस बड़ी उपलब्धि मान रही हैं। दिशा को सलमान के साथ काम करने का भी उत्साह है। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'बागी 2' ने 150 करोड़ से ज्यादा कमाई की थी।

सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। प्रियंका चोपड़ा यहां लीड रोल करेंगी। अरसे बाद प्रियंका और सलमान साथ काम कर रहे हैं। दोनों पहले 'मुझसे शादी करोगी', 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो' और 'सलाम-ए-इश्क' में साथ काम कर चुके हैं। अब लगभग एक दशक बाद दोनों साथ आ रहे हैं।

'भारत' का हिस्सा बन चुकी प्रियंका चोपड़ा ने कहा,"भारत! मैं इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने की प्रतीक्षा कर रही हूं और काफी लंबे वक़्त के बाद सलमान और अली के साथ काम करने वाली हूं। मैंने अपनी पिछली फिल्मों में उनसे बहुत कुछ सीखा है और यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि यह फ़िल्म मुझे क्या सिखाती है। मेरे सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद जो मेरी वापसी का इंतजार कर रहे थे। अब मूवी में आप सभी से मुलाक़ात होगी।"

निर्देशक अली अब्बास जफर ने तब्बू की एंट्री को लेकर कहा है 'मैं तब्बू का बड़ा फैन हूं और लंबे समय से उनके साथ काम करना चाह रहा था। खुश हूं कि यह अब हो रहा है।' इससे पहले प्रियंका की एंट्री पर अली ने कहा था " हमारी फिल्म बॉलीवुड में प्रियंका के लिए घर वापसी की तरह है। हॉलीवुड फ़िल्म और ब्लॉकबस्टर ग्लोबल टीवी शो में एक कलाकार के रूप में खुद को साबित करने के बाद "भारत" के साथ प्रियंका एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी कर रही है। "भारत" 70 वर्षों से फैले हुए और दुनिया के विभिन्न देशों में स्थापित होने के बावजूद भारत और इसकी संस्कृति में निहित है। प्रियंका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ी भारतीय कलाकार हैं और वह फिल्म के लिए एकदम परफ़ेक्ट है। प्रियंका की बेहतरीन एक्टिंग और उनकी अविश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय अपील, फ़िल्म को ओर बड़ा बनाने में मददगार साबित होगा।"

प्रियंका से मुलाक़ात करने के लिए अली अब्बास जफर और निर्माता अतुल अग्निहोत्री खास तौर पर न्यूयॉर्क गए थे और वहां उन्हें फिल्म की जानकारी दी गई। प्रियंका को अली की स्क्रिप्ट बेहद पसंद आई और उन्होंने तुरंत फ़िल्म के लिए हामी भर दी।

'गुंडे' में प्रियंका को निर्देशित कर चुके अली ने कहा "हमें प्रियंका चोपड़ा में 'भारत' की आत्मा मिली है। चूंकि भारत में प्रेम कहानी बहुत ही परिपक्व और बहुत सूक्ष्म है, ऐसे में हमें एक ऐसे कलाकार की ज़रुरत थी जो इसे बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित कर सके। उनका किरदार फिल्म की आत्मा है और पूरी फिल्म में वह सलमान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी नज़र आएंगी। वह फिल्म के सबसे महत्वपूर्ण मोड़ की प्रभावशाली पात्र है।"