BHOPAL में तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो ने युवक को उड़ाया, उछलकर गिरा, मौत, बाइक के 2 टुकड़े - MP NEWS

भोपाल। मप्र की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि बाइक टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में बताया जाता है। मृतक पिता और बड़े भाई की मौत के बाद बुजुर्ग मां का एक एकमात्र सहारा था।    

न्यू रविदास कॉलोनी, जिंसी निवासी 22 वर्षीय विकास चौधरी प्राइवेट जॉब करता था। हबीबगंज पुलिस थाने के एसआई अमित भदौरिया के अनुसार विकास शुक्रवार रात करीब 1 बजे बाइक से 12 नंबर की तरफ से हबीबगंज होते हुए घर लौट रहा था। उसके साथ बाइक पर कौशल अहिरवार भी था। वंदेमातरम चौराहे के पास पीछे से स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक और दोनों युवक हवा में उछलते हुए दूर जा गिरे। हादसे में विकास की मौके पर ही मौत हो गई। उसके कंधे, सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थी। कौशल की हालत गंभीर है।
 
विकास के चाचा प्रहलाद चौधरी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण विकास अभी कुछ नहीं कर रहा था। शुक्रवार शाम वह अपनी बुआ के यहां गया था। रात को वहीं से लौट रहा था। उसकी मौत से करीब 5 साल पहले उसके बड़े भाई की करंट लगने से मौत हो चुकी है। पिता की भी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब विकास उनकी भाभी का इकलौता सहारा था। विकास की तीन बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं।

एसआई अमित भदौरिया ने बताया कि स्कॉर्पियो की स्पीड काफी अधिक रही होगी। इसका अंदाजा गाड़ी की हालत देखकर ही लगता है। बाइक के टुकड़े-टुकड़े हो गए। इस कारण वह सड़क पर पूरी तरह बिखर गई थी। विकास भी उछलने के बाद जब जमीन पर गिरा, तो दोबारा उठ नहीं पाया। एक गाड़ी का नंबर लोगों से मिली जानकारी के आधार पर सामने आया है। वह कोहेफिजा इलाके के किसी डॉक्टर का बताया जाता है। हम उसकी पड़ताल कर रहे हैं।

12 सितम्बर को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार



from Bhopal Samachar | No 1 hindi news portal of central india (madhya pradesh) https://ift.tt/3ipGJoD