NCERT की 12वीं की POLITICAL SCIENCE की किताब पर बैन

BHOPAL: मध्य प्रदेश में एनसीईआरटी की 12वीं की राजनीति शास्त्र की किताब पर रोक लगाई गई है। क्योकि राजनीति शास्त्र की किताब में 'स्वतंत्र भारत में राजनीति" अध्याय में भाजपा और कांग्रेस के विषय में विस्तार से लिखा गया है। किताब में बताया गया है कि भाजपा हिंदुत्व एजेंडे वाली पार्टी है। राज्य सरकार मध्य प्रदेश में एनसीईआरटी की 12वीं की राजनीति शास्त्र की किताब पर रोक लगाएगी। शिक्षा राज्यमंत्री दीपक जोशी ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखने जा रहे हैं। असल में, किताब में भाजपा को हिंदुत्व एजेंडे वाली पार्टी बताया गया है। फिलहाल किताब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीबीएसई) से संबद्ध निजी स्कूलों में पढ़ाई जा रही है। जबकि सरकारी स्कूलों में अगले साल से सीबीएसई पैटर्न का कोर्स लागू किया जाना प्रस्तावित है। 
 
किताब में यह भी उल्लेख है कि गोधरा में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा हुई। हिंसा का तांडव एक माह चला और उस हिंसा में 1100 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर मुसलमान थे। इस हिंसा के समय अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे और उन्होंने गुजरात सरकार को राजधर्म निभाने की सीख दी थी। लेखक ने किताब में यह भी लिखा है कि अधिकतर दल भाजपा की हिंदुत्व विचारधारा से सहमत नहीं हैं और भाजपा ने अयोध्या विवाद को चुनावी मुद्दा बनाया।

लेखक ने किताब में कांग्रेस का भी जिक्र किया है। इसमें कहा गया है कि देश में लंबे समय कांग्रेस के प्रभुत्व का दौर रहा है और गुटबाजी कांग्रेस की कमजोरी नहीं ताकत बनी। कांग्रेस आजादी के बाद हर चुनाव में आगे रही और राजनीति के एक कालखंड को कांग्रेस प्रणाली कहा जाता है।