bhopal: सिंहस्थ सिविल डिफेंस आपदा प्रबंधन होमगार्ड जवानों ने किया जल सत्याग्रह

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस कर्मचारी सहयोग संघ के बैनर तले सिंहस्थ 2016 सिविल डिफेंस आपदा प्रबंधन होमगार्ड के जवानों ने नियमित करने की मांग को लेकर पहले जल सत्याग्रह किया फिर सिर मुंडवाए। नीलम पार्क में दो दिवसीय धरना प्रदर्शन आंदोलन के दौरान जवानों ने पहले दिन 2 जुलाई को रक्तदान आंदोलन कर अपना विरोध प्रकट किया। और आंदोलन के दूसरे दिन 3 जुलाई को छोट तालाब में 2 घंटे पानी में खडे रहकर जल आंदोलन के जरिए सरकार तक अपनी बात पहुचाने की कोशिश की। सिविल डिफेंस के एक दर्जन से ज्यादा जवानो ने पानी में उतरकर जल सत्याग्रह किया और अपनी मांगो को लेकर जमकर नारेबाजी की। आंदोलन के लिए आगे परमीशन नही मिलने से नाराज सिंहस्थ 2016 सिविल डिफेंस आपदा प्रबंधन होमगार्ड के जवानों मुंडन करवाकर सरकार से नियमितिकरण की मांग की। 

संघ के अध्यक्ष डॉ जावेद इकबाल ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी एवं गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह से सोलह सौ जवानों के घर में शीघ्र बुझे चूल्हे जलाकर घरों में खुशहाली देने की मांग की है। जावेद इकबाल ने बताया कि मध्यप्रदेश सिहंस्थ में सिविल डिफेंस आपदा प्रबंधन होमगार्ड के जवानों पूरी ईमानदारी, मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया। बावजूद इसके आज तक इन 1600 जवानों के परिवार के चूल्हे बुझे हुए, जवानों के घर बार उजड रहे है  औऱ उनका परिवार दो जून की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है। 

गौरतलब है कि  संघ ने क्रमश: 22 मई और 5 जून 2018 को मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान एवं गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह जी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र केबीनेट में प्रस्ताव लाकर जवानों को उनके गृह जिलों में ड्यूटी दिलवाने की मांग की थी लेकिन आज दिनांक तक उनकी मांगो पर निर्णय नही लिया गया है। डॉ जावेद इकबाल ने चेतावनी दी है कि उनकी मांग जल्द नही मानी गई तो संघ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा जिसकी पूरी जबावदारी शासन प्रशासन की होगी। मुंडन कार्यक्रम में बडी संख्या में जिलों से बडी संख्या में आये जवान शामिल हुए। मुंडन कार्यक्रम के बाद संघ ने सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।